Wednesday, 7 August 2013

'उम्मीद' उसके लौट आने की...


   उम्मीद तो कम ही थी उसके वापिस लौट आने की. पर वो भी पूरा अड़ियल था. हर सोमवार, गांव के कलुआ की साईकिल 5 रुपये में किराये पर लेता और निकल पड़ता रेलवे स्टेशन की तरफ. उन दिनों घर से स्टेशन की दूरी कुछ 7 किलोमीटर रही होगी. फिर भी वो पूरे जोश-खरोश से साईकिल में पैडल भरता. साईकिल का पहिया भूरी मिट्टी की जकड़न और मुक्ति के बीच जैसे-जैसे आगे बढ़ता वैसे-वैसे उसकी उससे मिलने की उम्मीद डबल हो जाती. गांव और स्टेशन के दरम्यां, कभी वह साईकिल पर सवारी करता तो कभी आड़े-टेढ़े खेत के मेढ़ों पर कलुआ की साईकिल उस पर सवारी करती.



स्टेशन पर पहुंचने से पहले शाम अपने घर को चलने लगती. चंदा मामा अपनी चांदनी के साये में उसे स्टेशन पर पहुंचाते. रेलगाड़ी का इंजन, फास्ट होने के बावजूद भी स्लो मोड में उसके स्टेशन पर पहुंचता. आखिरी स्टेशन था, इसलिए ये इंजन का घर था. शायद इसलिए ही बेचारा इंजन थक-हारकर आराम से घर पहुंचता. रेलगाड़ी जैसे ही दूर कहीं सीटी बजाती, वो साईकिल का पेट बूढ़े पेड़ के कंधे पर टिका देता और दूर से रेल को अपनी आंखों के लैंस में कैप्चर करने लगता. जैसे-जैसे रेल करीब आती वैसे-वैसे वह प्लेटफार्म की धुंधली लाईट के बीच रेल का एक्स-रे करना शुरु कर देता. रेल प्लेटफार्म पर रुकती और वो हर बोगी के गेट पर उसको तलाशने दौड़ता.


कई बार औरतों के घूंघट में झांकता तो आज उसने एक लड़की का हाथ पकड़कर उसको उसके नाम से पुकारा. लड़की ने अपना हाथ झिड़काया और एक थप्पड़ उसके गाल पर जड़ दिया. वो लड़की से और कुछ कह पाता इससे पहले उसके गाल पर तीन-चार थप्पड़ और जमा दिये गए. इस बार थप्पड़ लड़की ने नहीं बल्कि रेल से उतरी भीड़ ने जमाये. थप्पड़ों के बीच प्लेटफार्म का माहौल गर्म था लेकिन वो अनपढ़-गंवार चुप था. थप्पड़ों की चोट से ज्यादा उसके न आने का दर्द उसे कचोट रहा था. प्लेटफार्म पर अचेत अवस्था में बैठे हुए वो उससे मिलन की सुनहरी यादों में डूब गया. भीड़ छंटने लगी. रेल और रेल के इंजन ने आराम करने के लिये घर की तरफ खिसकते हुए सीटी दी. इंजन की आवाज़ से उसका फ्लैशबैक टूटा और वो बीती यादों के आधे-अधूरे सफर से वापिस लौटा. 



वो अगले हफ्ते फिर आयेगी, इस उम्मीद के साथ वह वहां से उठा और साईकिल की तरफ बढ़ा. साईकिल उठाई और घर की तरफ चल दिया. गांव की तरफ लौटते वक्त, अपने और उसके मिलन के बीच साईकिल के किराये का रोड़ा उसे सताने लगा. कलुआ को किराया नहीं दिया तो वह उसे अगले सोमवार को साईकिल नहीं देगा. थप्पड़ों के बीच किसी ने उसकी जेब से पांच का नोट उड़ा लिया था. गांव पहुंचकर उसे कलुआ को साईकिल का किराया देना था.


नोट- इस लघु कथा के सभी पात्र काल्पनिक है. इसका किसी भी व्यक्ति से कोई संबंध नहीं हैं. तस्वीरें गूगल बाबा ने उपलब्ध करवायी हैं.

रहीसुद्दीन 'रिहान'

Tuesday, 6 August 2013

ज़माने की आंखों में चुभने वाली धूल बन रही हूं 'मैं'...


नन्हीं कली से फूल बन रही हूं मैं..
ज़माने की आंखों में चुभने वाली धूल बन रही हूं मैं..
किसी के लिये हॉट.. तो किसी के लिये कूल बन रही हूं मैं..
पर नहीं पता उन्हें, अंदर ही अंदर...कितनी सहम.. और कितनी जल रही हूं मैं.. 



सिर पे ना है बाप का साया...और ना ही है भैया का हाथ..
पापा ने बचपन में...तो भैया ने छोड़ा जवानी में हमारा साथ..
पापा की नन्हीं कली अब सृष्टि को महकाने वाला फूल बन रही है..
पर साथ ही...ज़माने की आंखों में चुभने वाली धूल बन रही है.. 



कई साल पहले मेरी मां बनी, मेरा बाप...तो अब मां का पति बन रही हूं मैं..
मां का भूखा पेट भरने के लिये...अब अकेले ही घर से निकल रही हूं मैं..
आंखों में है हजार सपने..पूरा करने के लिये कोसों दूर का सफर कर रही हूं मैं..
पर क्या करुं ज़माने की आंखों में चुभने वाली धूल बन रही हूं मैं.. 



मां तुझे नहीं पता.. दिल्ली के सीने में अब नहीं रहा कोई दिल..
ये दिल तो बन गया है अब, ज़हरीले हैवानों का बिल..
मां तू ये भी न जानती होगी...इन बिलों से रोजाना कितना संभल- संभल के गुजर रही हूं मैं..
पर क्या करुं... मेरी किस्मत.. जमाने की आंखों में चुभने वाली धूल बन रही हूं मैं...

डर


मां यहां रहने वाले हैवानों से तो गांव के वो सांप औऱ बिच्छू अच्छे थे..
जो तुझे-मुझे डराने में तो परफेक्ट पर डंक मारने में कच्चे थे..
मां यहां ऑफिस में बॉस की हरकतों से तिल-तिल मर रही हूं मैं..
हाय रे मेरी फूटी किस्मत...जमाने की आंखों में चुभने वाली धूल बन गयी हूं मैं..



पापा मुझे बहुत डर लगा रहा है..मुझे एक बार तुम गले लगा लो..
इन हैवानों के बीच से हमें अपने ही पास बुला लो.


रहीसुद्दीन 'रिहान'