Sunday, 13 October 2013

अल्लाह-भगवान से कम नहीं है ‘रावण’



 ऑफिस (न्यू देहली पोस्ट समाचार पत्र ) के लिए कवर की गई स्टोरी.

 देशभर में जहां विजयदशमी के त्यौहार को भगवान राम द्वारा लंका के राजा रावण पर विजय हासिल करने की ख़ुशी में मनाया जाता है, वहीं रावण आज भी देश के हजारों मजदूरों के घरों का चूल्हा जला रहा है. रावण हजारों परिवारों का न सिर्फ पेट भर रहा है बल्कि उनके बच्चों को अच्छी तालीम दिलाने में भी मदद कर रहा है. इन परिवारों में हिन्दू ही नहीं बल्कि काफी बड़ी संख्या में मुस्लिम परिवार भी शामिल है. रावण हिन्दू परिवारों के लिए भगवान राम तो मुस्लिम परिवारों के लिए अल्लाह से कम नहीं है.


Photo- Aarju Aalam
असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक दशहरा का आगमन बेहद करीब हैं, लिहाजा राजधानी दिल्ली समेत देश के हरेक कोने में रावण, मेघनाथ और कुम्भकरण के पुतले तैयार किये जा रहे हैं. कई जगह पर रावण, मेघनाथ और कुम्भकरण तीनों को तैयार किया जा रहा है तो कुछ जगह पर कारीगर रामलीला कमेटियों के बजट के अनुसार सिर्फ एक ही पुतला तैयार कर रहे हैं.


सुतली, कागज और बांस-बल्ली को अपने हाथ की कारीगरी से रावण की शक्ल देने वालों की तलाश में हम पहुंचे उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंदनगरी इलाके के करीब बने जनता फ्लैट के पार्क में.

Photo- Aarju Aalam

खाना खाने के बाद आराम करते पुतला कारीगर.

यहां हमारी मुलाकात हुई अनीस (42) से. जब हम पहुंचे तो अनीस अपने सहकर्मियों के साथ खाना खाने में व्यस्त थे. खाना खाने के बाद सभी कारीगर अपने-अपने काम में व्यस्त हो गए. किसी को रावण का फेस तैयार करने का जिम्मा मिला है तो कोई पुतले के बाकि दूसरे अंगों को बनाने में मशगूल है. दस लोगों का समूह मिलकर पिछले एक महीने से  दशहरा के लिए यहां पुतले तैयार कर रहा है. उन्हें यहां 40 फुट ऊंचा रावण और 35 फुट ऊचांई वाले मेघनाथ, कुम्भकरण तैयार करने हैं. सभी लोग राजधानी दिल्ली से लगभग 25 किलोमीटर दूर उत्तर-प्रदेश के ज़िला गाजियाबाद के गांव फारुख नगर के निवासी हैं.

पिछले 26 साल से खुद पुतले बना रहे अनीस हमें बताते हैं कि रावण के पुतले बनाना उनका पुश्तैनी काम है. बाप-दादा के समय से उनके घर में रावण, कुम्भकरण और मेघनाथ के पुतले बनते आए हैं.

दशहरा तो साल में एक ही बार आता है फिर बाकि समय क्या करते हैं आप सभी लोग..? पर अनीस कहते हैं ‘सभी लोग कुछ न कुछ काम करते ही हैं...कोई दूसरे शहर में कपड़ों की फेरी लगाता है तो कोई किसी फैक्ट्री में काम करता है.’ अनीस अपने बारे में बताते हुए आगे जोड़ते हैं ‘गांव में दर्जी की छोटी-सी दुकान है... तो मैं गांव में कपड़ों की सिलाई का काम करता हूं.’


Photo- Aarju Aalam

पुतले के चेहरे को अंतिम रुप देते अनीस.

एक पुतले की लागत और रामलीला कमेटी से मिलने वाली कीमत पर जब हम अनीस से बात करते हैं तो हमारी इस बात का जबाव देने से वह परहेज करते हैं. इतना ज़रुर कहते हैं कि ‘पता नहीं रामलीला कमेटी वालों ने आपको क्या रेट बताया है..और हमसें किस रेट में पुतले तैयार करवा रहे हैं.’ अनीस आगे जोड़ते हैं ‘हां.. पहले की तुलना में पुतलों की कीमत तो बढ़ी है लेकिन उनकी लागत भी उसी हिसाब से बढ़ी है.’ अनीस कहते हैं, जब दशहरा के दिन जनता पुतलों की तारीफ करती है तो हमें अपने काम को सराहनें की दिल से ख़ुशी होती है. अनीस के मुताबिक, ‘हर साल पुतलों में आग हम लोग ही लगाते हैं.’


पुतलों के चेहरे बनाने का जिम्मा संभाले साठ वर्षीय मौ. रफी अपने काम में व्यस्त हैं. रफी को पुतलों की सामाजिक छवि के हिसाब से चेहरा बनाने में महारत हासिल है. रावण के पुतले का चेहरा बेहद खूंखार तो कुम्भकरण, मेघनाथ के पुतले थोड़े कम खूंखार. हम उनके पास जाते हैं तो वह अपने हाथ को थोड़ा आराम देते हैं. रफी हमें बताते हैं कि ‘पिछले 35 साल से वह पुतलों का चेहरा बना रहे हैं. हर साल 14-15 पुतलों पर वह अपने हाथ की कलाकारी दिखाते हैं.’
Photo- Aarju Aalam

रावण का चेहरा बनाते कारीगर रफी.


रफी अपनी आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कारीगरों को मिलने वाली दिहाड़ी पर रोशनी डालते हैं. वह बताते हैं ‘मैं तो गांव में हज़ामत का काम करता हूं. यहां 350 से 400 रुपये के बीच एक कारीगर को पुतले बनाने के मिलते हैं बाकि कारीगरों को उनके काम के हिसाब से कम भी मिलते है.’


हमनें राजधानी के कई और इलाकों में पुतला कारीगरों की तलाश की. हम पहुंचे राजधानी दिल्ली के ही एक और दूसरे इलाके शाहदरा में. यहां भी मुकेश नगर के रामलीला मैदान में पुतले बनाने का काम तेजी से चल रहा था. बांस और सुतली से तैयार खड़े पुतलों के ढांचे को कागज की पोशाक पहनाई जा रही थी. कुछ कारीगर रंगीन कागज़ काट रहे थे.

 पुतले की पोशाक तैयार करता कारीगर अकरम.

उत्तर-प्रदेश के ज़िला खेकड़ा निवासी अकरम (22) हमें बताते हैं कि शादी-ब्याह के लिए आतिशबाजी और दशहरा पर पुतले तैयार करना उनका पुश्तैनी काम है. वह पिछले 10 साल से अपने पिताजी के साथ पुतले बना रहे हैं. 
  
एक पुतले पर कितना खर्च आता है? और कितने रुपये मिलते हैं आपको रामलीला कमेटी से..? पर अकरम कहते हैं ‘एक पुतले को बनाने में 3 कोड़ी बांस (60 बांस), 10 किलो सुतली, 30 किलो रद्दी, 30 किलो ग्लोसी पेपर और 20 किलो मैदा की लई लग जाती है’


अकरम इस सारे सामान का मार्किट रेट अपनी अंगुलियों पर जोड़ते हुए हमें एक पुतले की लागत 20 से 22 हजार के बीच बताते हैं. अकरम आगे जोड़ते हैं ‘75 से 80 हजार रुपये के बीच में हम रावण, मेघनाथ और कुम्भकरण, तीनों पुतलों को तैयार कर देते हैं.’

Photo- Aarju Aalam


रामलीला कमेटी से पुतले तैयार करने का आर्डर और उसकी पेमेंट मिलने के तरीके पर अकरम कहते हैं ‘जब हम लोगों को ऑर्डर दिया जाता हैं तो पेशगी के तौर पर 20 हजार रुपये दिये जाते हैं. उसके बाद 60 फीसदी काम तैयार होने पर 30 हजार और बाकि के 30 हजार पुतलों में आग लगाने से पहले हमें मिल जाते हैं.’ अकरम यहां 80 हजार रुपये में 3 पुतले तैयार कर रहे हैं. इसके अलावा उन्हें दो और इलाके कड़कड़डूमा और बिहारी कालोनी में पुतले तैयार करने का आर्डर मिला हैं.


अकरम के सहयोगी महेश (30) कहते हैं कि ‘आम तौर पर हम लोग गांव में ही कोई छोटा-मोटा काम करके अपना गुजर-बसर करते हैं लेकिन दशहरा के समय पर पुतले बनाने के लिए गांव से लोग दिल्ली आ जाते हैं’ महेश बाकि समय में कपड़ा रंगाई के एक कारखाने में लेबर का काम करते हैं. महेश आगे जोड़ेते हैं, ‘हर दशहरे पर हम लोग 3-4 जगह पुतले बनाते हैं. इस दौरान कारखाने के मुकाबले ठीक-ठाक पैसा मिल जाता हैं.’ महेश 3 साल से पुतला बनाने का काम कर रहे हैं.

पुतलों एवं एक बेटी और दो बेटों का जिक्र करते हुए महेश कहते हैं ‘पहले मेरे बच्चे स्कूल नहीं जाते थे लेकिन अब जा रहे हैं. जो पैसे पुतलों से कमाता हूं उन्हें बच्चों की पढ़ाई के लिए पत्नी संभाल कर रख देती है. जब कारखानें में काम नहीं मिलता तो इसी पैसे से ही घर और बच्चों के स्कूल का खर्चा चलता है.’ महेश थोड़ा मुस्कुराते हुए कहते हैं ‘मैं तो कहूंगा कि रावण ही मेरे बच्चों को पढ़ा रहा है.’

रहीसुद्दीन ‘रिहान’

Saturday, 7 September 2013

वो ख़ुदा का फरिश्ता वहां था...तो आज मैं ज़िंदा हूं.

सितंबर का महीना था. डीयू के कॉलेजों में हर बार की तरह छात्र-संघ चुनाव की तैयारियां जोरों-शोरों पर चल रही थी. हम भी कॉलेज छात्र-संघ चुनाव में सक्रिय थे. इस दौरान कॉलेज प्रशासन की तरफ से चुनाव और कैंडिडेटों को लेकर धांधली करने की ख़बरें आनी लगी. हालांकि ये धांधलियां नई नहीं थी. कॉलेज पहले भी चुनावों में अपनी मनमानी चलाता आया था.
लेकिन इस बार चुप बैठना ठीक नहीं समझा. जर्नलिज्म का स्टूडेंट होने से दिल में जज्बा और ज़ोश उमड़ा तो सोशल वर्क के दोस्त कृष्ण गोपाल सिहं ने क़ानूनी रास्ता दिखाया. दोनों ने कॉलेज प्रशासन के ख़िलाफ दिल्ली हाईकोट का दरवाजा खटखटाने का फैसला किया.
इसके बाद न्याय की मूर्ति के दरवाजे पर उस दिन जो खटका, उसकी खटखटाहट आज भी मेरे ज़ेहन में खटक रही है. उस दिन को मैं आज तक नहीं भूल पाया हूं और शायद ही कभी भूल पाऊं. उस पल को याद करते हुए दिमाग सन्न हो जाता है… शरीर कांपने लगता है… रुह सिहरने लगती है… सांसे कुछ पल के लिए थम सी जाती है और एकाएक आंखों के सामने ज़िंदगी का सबसे ख़ौफनाक मंजर तैरने लगता है…
वो खौफनाक दिन था बुधवार का… और तारीख़ थी 7 सितंबर 2011… ये वही दिन था, जिस दिन वकील साहब को कॉलेज के खिलाफ़ कोर्ट में केस रजिस्टर्ड करना था. किसी भी हालत में सुबह साढ़े नौ बजे तक कोर्ट पहुंचने का वकील साहब की तरफ से हमें आर्डर था. गोपाल और मेरे सिर पर कॉलेज की मनमानी के ख़िलाफ कारवाई कराने का भूत सवार था.
हम दोनों 7 सितंबर की सुबह आईटीओ के चौराहे पर मिलें. उस समय घड़ी में लगभग सवा नौ बजे होगें. मैंनें गोपाल को जल्दी से बाईक पर बैठाया और बाईक हाईकोर्ट की तरफ दौड़ा दी. सुबह का समय था. दूसरे दिनों की अपेक्षा सड़कों पर ट्रैफिक थोड़ा कम था.
ठीक साढ़े नौ बजे हम दिल्ली हाईकोर्ट के गेट नं. 5 के बाहर थे. उस वक्त हाईकोर्ट के बाहर वाली रोड पर गाड़ियां कम ही थी. गाड़ियों की आवाजाही भी शून्य ही थी. रोड पर बैरीकेटस अव्यवस्थित तरीके से खड़े थे. सफाई कर्मचारी सड़क को साफ करने में व्यस्त थे.


हमने बाईक पर सवार हुए गेट नं. 5 से कोर्ट परिसर में एंट्री करनी चाही, लेकिन सुरक्षा गार्ड ने मुझे रोकते हुए कहा “हां! जी… भाई साहब कहां जा रहे हो”…..”कोर्ट में जाना हैं” हमने हेलमेट का शीशा ऊपर खिसकाते हुए उसको जवाब दिया. इतने में सिक्योरिटी रुम से उसका एक और साथी आया और बोला…“अंदर सिर्फ स्टाफ की गाड़ियों को ही जाने की परमिशन है”…
“तो फिर बाईक कहां खड़ी करें…?” गोपाल ने बाईक से उतरते हुए पूछा. उन दोनों ने एक साथ गेट नं. 7 की तरफ इशारा करते हुए जवाब दिया… “उधर… दूसरे गेट के सामने पार्किंग है… वहां…”
दिल्ली हाई कोर्ट- बम धमाके के बाद गेट नं. 5 के बाहर इकट्ठा लोग.
5 मिनट की छोटी-सी बातचीत में मेरी आंखों ने उन दोनों के बारे में काफी कुछ कैप्चर कर लिया था. सुबह का समय था… दोनों का मूड बिल्कुल फ्रेश था… चेहरा एकदम तरोताज़ा था… बाल उनके गीले थे… बालों में हल्का ऑयल लगा था… सूरज की किरणें उनके सिर पर पड़ते हुए मेरी आंखों में रिफलेक्शन मार रही थी.
हमनें उन दोनों की सलाह पर अमल करते हुए गेट नं.7 के ठीक सामने बनी पार्किंग में बाईक पार्क की और गेट नं.-7 से कोर्ट परिसर में एंट्री ली.
एंट्री के समय हम दोनों की तलाशी ली गई, लेकिन ये तलाशी हमें सिर्फ खानापूर्ति ही महसूस हुई. हम दोनों तेजी के साथ वकील साहब के चैम्बर की तरफ बढ़े. लेकिन वो हमें चैम्बर से निकलते हुए बाहर ही मिल गए. उनके हिसाब से हम दोनों 10 मिनट लेट थे, लेकिन वो केस रजिस्टर्ड करने के लिये फाइल बनाकर पूरी तरह तैयार थे.
हम तीनों बातचीत करते हुए कैंटीन तक आए. वकील साहब ने हम दोनों को कैंटीन में बैठाया और 5 मिनट में वापस आने की बात कहकर वहीं इंतज़ार करने को कहा. हम कैंटीन की एक टेबल पर बैठ गए. वहां वकील साहब का इंतजार करते हुए पूरे 20 मिनट हो गए. लेकिन वकील साहब का कोई अता-पता नहीं था.
वहां बैठे-बैठे मेरे जेह़न में जज साहब द्वारा कॉलेज प्रशासन को लताड़ने के दृश्यों की डॉक्यूमेंट्री चलने लगी. जबकि गोपाल बोर हो रहा था. उसने मुंह से तो कुछ नहीं कहा, लेकिन उसके चेहरे पर बोरियत साफ झलक रही थी.
थोड़ी देर बाद गोपाल पानी पीने चला गया. टेबल पर मैं अकेला बैठा रहा. कुछ देर बाद एक अधेड़ उम्र का सांवला, मोटा आदमी मेरे सामने टैबल पर आकर बैठ गया. उसके हाथ में चाय का गिलास था. उसने बैठते हुए आशा भरी नज़रों से मुझसे पूछा… “जज साहब कितने बजे आते है…?” उसकी आवाज़ में सुचकुचाहट थी.
उसके पूछने के अंदाज़ से महसूस हुआ कि वो किसी गांव-देहात से आया है. मैंनें भी उसको, उसके सवाल की तरह सीधा-सीधा जवाब दिया “आने ही वाले होंगें”.
हम दोनों के बीच बातचीत चल ही रही थी कि अचानक कानों में एक ज़ोरदार धमाके की गूंज सुनाई दी. आवाज़ इतनी शक्तिशाली थी कि पैरों ने ज़मीन के अंदर की थर्राहट को महसूस किया. टेबल पर रखा चाय का गिलास उड़ल गया.
कैंटीन की टीन शेड लटक गई. कैंटीन में बैठे सभी लोग भौचक्के होकर एकाएक खड़े हो गए. सभी के चेहरे पर अजीब सा डर था. मैं भी खड़ा हो गया, लेकिन मेरी समझ में कुछ नहीं आ रहा था. जेब से मोबाईल निकाला… मोबाईल में ठीक 10 बजकर 10 मिनट हो रहे थे. सब घबराये हुए थे लेकिन दूसरी टेबल पर पास में बैठा एक आदमी, ज्यो का त्यो बैठा रहा.
वो मेरी तरफ देखकर थोड़ा मुस्कुराया और बोला- “बैठ  जाओं… किसी ट्रक का टायर फटा होगा…” उसके चेहरे पर हल्की मुस्कान बरकरार थी. उसके चेहरे के किसी भी कोने में डर की कोई सिकन नहीं थी. लेकिन मुझे उसकी बात बिल्कुल भी हज़म नहीं हुई और मैं उसको बिना कुछ जवाब दिये वहां से चल दिया…
दिमाग़ में सवाल-जबाव का सिलसिला शुरु हो गया. हाईकोर्ट जैसे संवेदनशील एरिया में ट्रक कैसे आ सकता है..? अगर आएगा भी तो रात मैं आएगा… इतनी सुबह कैसे आ सकता है..? अभी तो नो-एंट्री का समय है… अगर ट्रक का टायर फटा है तो टायर फटने की आवाज़ इतनी धमाकेदार नहीं हो सकती… कहां से आया ये ट्रक इतनी सुबह..? ये सारे सवाल बैक-टू-बैक मेरे दिमाग में चल रहे थे. और दिल में अजीब-सी घबराहट थी. मैं हड़बड़ाकर गोपाल को ढ़ूंढने उधर भागा… जिधर से धमाके की आवाज़ कानों में सुनाई पड़ी थी.
कैंटीन से 30-40 क़दम दूर ही पहुंचा था कि गेट नं.5 के बाहर भारी भीड़ दिखाई दी. भीड़ में आदमी खड़े कम, लेटे और बैठे ज्यादा दिख रहे थे. लोगों के चिल्लाने और कराहने की आवाज़ आ रही थी. मैं स्पॉट के और करीब पहुंचा. दिमाग में आया कि ये तो वहीं गेट है जहां से एंट्री करने के लिए सिक्योरिटी गार्ड ने अभी थोड़ी देर पहले हमें मना कर दिया था.
वहां का खौफनाक मंज़र देखकर में अंदर से पूरी तरह हिल गया. वहां गेट के पास, अंदर और बाहर की तरफ खून ही खून था. शवों के बीच ज़िदां लोग कराह- चिल्ला रहे थे. उनके शरीर के अंग कुछ फीट की दूरी पर पड़े थे. मांस के लोथड़ों से खून रिस रहा था. काले लिबास के अलावा कुछ सिक्योरिटी गार्ड भी ज़मीन पर पड़े नज़र आ रहे थे.
ज़मीन का फर्श खून और काले कोर्ट से पटा पड़ा था. काले लिबास के अंदर की सफेद कमीज खून से लाल थी. एंट्री रुम की छत को छांव देते पेड़ों पर जब नज़र गई तो नज़रे वहीं की वहीं टंगी रह गई. लोगों के धड़ ज़मीन पर थे लेकिन उनके हाथ-पैर छत और पेड़ पर झूल रहे थे.
दिल्ली हाई कोर्ट- धमाके वाले स्पॉट की घेराबंदी करते पुलिसकर्मी.
इसी खौफ़नाक मंज़र के बीच मेरी निगाहें गोपाल को बराबर ढूंढ रही थी. मैं घायलों के जत्थे में गोपाल को ढूंढने लगा लेकिन वो वहां नहीं मिला. मेरे मन में घबराहट और बढ़ गई. चेहरे पर खौफ तैरने लगा. मैंनें जेब से फोन निकाला… लेकिन सिग्नल गायब थे. शायद जैमर एक्टिवेट कर दिया गया था.
कोर्ट परिसर में बनी छोटी-सी डिस्पेंसरी में घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तेजी से ले जाया जाने लगा. मैं गोपाल को ढूंढने वहां भी गया, लेकिन वहां गोपाल के मिलने का सवाल ही नहीं था. वहां पहले ही घायल जज और वकीलों को उनकी सीनियर्टी-जूनियर्टी के हिसाब से फस्ट-एड में वरियता दी जा रही थी.
चारों तरफ बदहवास होकर लोग भाग रहे थे. मेरा दिमाग सन्न हो गया था. समझ में कुछ नहीं आ रहा था. गोपाल भी गायब था. थोड़ी देर बाद पुलिस और एम्बुलेंस के सायरन की आवाज़ कोर्ट परिसर के अंदर-बाहर गूंजने लगी. लेकिन मेरी निगाहें गोपाल को तलाशती रही…
काफी देर के बाद गोपाल मुझे क्षत-विक्षत शवों और घायलो को एम्बुलेंस में बैठाते हुए नज़र आया. दूर से देखा तो उसका हरा कुर्ता खून से लाल था. मैं दौड़कर उसके पास पहुंचा. कुर्ते पर लगे खून के बारे में उससे पूछा.
लेकिन वो घायलों की हेल्प करने में बिज़ी था. मुंह से कोई जवाब नहीं दे पाया. बस हाथ से इशारा करते हुई अपने सही सलामत होने की तसल्ली दी. लेकिन मैं फिर भी चिंतित था. मैंनें दोबारा फिर पूछा. जल्दबाजी में उसके मुंह से सिर्फ इतना ही सुन पाया..”मैं ठीक हूं… किसी के शरीर का पार्ट आकर गिर गया था…”
फिर मैं भी घायलों को एम्बुलेंस में बिठाने में उसकी मदद करने लगा. थोड़ी देर बाद दोस्तों और घरवालों के फोन कॉल आने शुरु हो गए. हम दोनों को लेकर सभी परेशान थे. हमनें सभी को अपने सही-सलामत होने की ख़बर दी.
दिल्ली हाई कोर्ट-  उपचार के लिए घायलों को अस्पताल ले जाते लोग.
थोड़ी देर बाद भारी तादाद में पुलिस फोर्स आ गई. सांय-सांय करती एम्बुलेंस की संख्या भी बढ़ने लगी. घायलों को तेजी से अस्पताल ले जाने का काम शुरु हुआ. हम दोनों भी घायलों को उठाकर एम्बुलेंस में बिठाने का काम करते रहे. इस दौरान कई लोगों की फर्श से उठाया तो हमारे हाथों में उनका हाथ आ गया. बस मेरा मन विचलित हो चला था.
मैं सबकुछ छोड़- छोड़कर कैंटीन की तरफ वापिस चला गया. लगभग एक घंटे बाद गोपाल भी वहां आ गया और दोनों ने अपने आप को सौभाग्यशाली मानते हुए ईश्वर का धन्यवाद अदा किया.
बहरहाल, उस खौफनाक मंज़र को आज पूरे 2 साल हो गए. लेकिन मेरे दिलो-दिमाग में कई ऐसे सवाल है जो मुझे आज भी कचोट रहे है. आज भी उन सवालों के जबाव तलाश रहा हूं. कौन था कैंटीन में बैठा वो आदमी, जो उस भयानक मंज़र में भी मुस्कुरा रहा था..? आखिर क्या था उसकी मीठी मुस्कान के पीछे का राज़..?
इतनी संवेदनशील जगह पर सिक्योरिटी गार्ड ने तलाशी के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति करके कोर्ट में हमें एंट्री क्यों दे दी..? कहां और किस हाल में होंगे वो सुऱक्षाकर्मी, जिन्होंने गेट नं.-5 पर हमें एंट्री देने से मना कर दिया…? वो ख़ुदा के फरिश्तें इस वक्त दुनिया में होंगे भी या नहीं..? ये कुछ ऐसे सवाल है जिनके जबाव शायद ही मुझे कभी मिल पाए
रहीसुद्दीन 'रिहान'

Wednesday, 7 August 2013

'उम्मीद' उसके लौट आने की...


   उम्मीद तो कम ही थी उसके वापिस लौट आने की. पर वो भी पूरा अड़ियल था. हर सोमवार, गांव के कलुआ की साईकिल 5 रुपये में किराये पर लेता और निकल पड़ता रेलवे स्टेशन की तरफ. उन दिनों घर से स्टेशन की दूरी कुछ 7 किलोमीटर रही होगी. फिर भी वो पूरे जोश-खरोश से साईकिल में पैडल भरता. साईकिल का पहिया भूरी मिट्टी की जकड़न और मुक्ति के बीच जैसे-जैसे आगे बढ़ता वैसे-वैसे उसकी उससे मिलने की उम्मीद डबल हो जाती. गांव और स्टेशन के दरम्यां, कभी वह साईकिल पर सवारी करता तो कभी आड़े-टेढ़े खेत के मेढ़ों पर कलुआ की साईकिल उस पर सवारी करती.



स्टेशन पर पहुंचने से पहले शाम अपने घर को चलने लगती. चंदा मामा अपनी चांदनी के साये में उसे स्टेशन पर पहुंचाते. रेलगाड़ी का इंजन, फास्ट होने के बावजूद भी स्लो मोड में उसके स्टेशन पर पहुंचता. आखिरी स्टेशन था, इसलिए ये इंजन का घर था. शायद इसलिए ही बेचारा इंजन थक-हारकर आराम से घर पहुंचता. रेलगाड़ी जैसे ही दूर कहीं सीटी बजाती, वो साईकिल का पेट बूढ़े पेड़ के कंधे पर टिका देता और दूर से रेल को अपनी आंखों के लैंस में कैप्चर करने लगता. जैसे-जैसे रेल करीब आती वैसे-वैसे वह प्लेटफार्म की धुंधली लाईट के बीच रेल का एक्स-रे करना शुरु कर देता. रेल प्लेटफार्म पर रुकती और वो हर बोगी के गेट पर उसको तलाशने दौड़ता.


कई बार औरतों के घूंघट में झांकता तो आज उसने एक लड़की का हाथ पकड़कर उसको उसके नाम से पुकारा. लड़की ने अपना हाथ झिड़काया और एक थप्पड़ उसके गाल पर जड़ दिया. वो लड़की से और कुछ कह पाता इससे पहले उसके गाल पर तीन-चार थप्पड़ और जमा दिये गए. इस बार थप्पड़ लड़की ने नहीं बल्कि रेल से उतरी भीड़ ने जमाये. थप्पड़ों के बीच प्लेटफार्म का माहौल गर्म था लेकिन वो अनपढ़-गंवार चुप था. थप्पड़ों की चोट से ज्यादा उसके न आने का दर्द उसे कचोट रहा था. प्लेटफार्म पर अचेत अवस्था में बैठे हुए वो उससे मिलन की सुनहरी यादों में डूब गया. भीड़ छंटने लगी. रेल और रेल के इंजन ने आराम करने के लिये घर की तरफ खिसकते हुए सीटी दी. इंजन की आवाज़ से उसका फ्लैशबैक टूटा और वो बीती यादों के आधे-अधूरे सफर से वापिस लौटा. 



वो अगले हफ्ते फिर आयेगी, इस उम्मीद के साथ वह वहां से उठा और साईकिल की तरफ बढ़ा. साईकिल उठाई और घर की तरफ चल दिया. गांव की तरफ लौटते वक्त, अपने और उसके मिलन के बीच साईकिल के किराये का रोड़ा उसे सताने लगा. कलुआ को किराया नहीं दिया तो वह उसे अगले सोमवार को साईकिल नहीं देगा. थप्पड़ों के बीच किसी ने उसकी जेब से पांच का नोट उड़ा लिया था. गांव पहुंचकर उसे कलुआ को साईकिल का किराया देना था.


नोट- इस लघु कथा के सभी पात्र काल्पनिक है. इसका किसी भी व्यक्ति से कोई संबंध नहीं हैं. तस्वीरें गूगल बाबा ने उपलब्ध करवायी हैं.

रहीसुद्दीन 'रिहान'

Tuesday, 6 August 2013

ज़माने की आंखों में चुभने वाली धूल बन रही हूं 'मैं'...


नन्हीं कली से फूल बन रही हूं मैं..
ज़माने की आंखों में चुभने वाली धूल बन रही हूं मैं..
किसी के लिये हॉट.. तो किसी के लिये कूल बन रही हूं मैं..
पर नहीं पता उन्हें, अंदर ही अंदर...कितनी सहम.. और कितनी जल रही हूं मैं.. 



सिर पे ना है बाप का साया...और ना ही है भैया का हाथ..
पापा ने बचपन में...तो भैया ने छोड़ा जवानी में हमारा साथ..
पापा की नन्हीं कली अब सृष्टि को महकाने वाला फूल बन रही है..
पर साथ ही...ज़माने की आंखों में चुभने वाली धूल बन रही है.. 



कई साल पहले मेरी मां बनी, मेरा बाप...तो अब मां का पति बन रही हूं मैं..
मां का भूखा पेट भरने के लिये...अब अकेले ही घर से निकल रही हूं मैं..
आंखों में है हजार सपने..पूरा करने के लिये कोसों दूर का सफर कर रही हूं मैं..
पर क्या करुं ज़माने की आंखों में चुभने वाली धूल बन रही हूं मैं.. 



मां तुझे नहीं पता.. दिल्ली के सीने में अब नहीं रहा कोई दिल..
ये दिल तो बन गया है अब, ज़हरीले हैवानों का बिल..
मां तू ये भी न जानती होगी...इन बिलों से रोजाना कितना संभल- संभल के गुजर रही हूं मैं..
पर क्या करुं... मेरी किस्मत.. जमाने की आंखों में चुभने वाली धूल बन रही हूं मैं...

डर


मां यहां रहने वाले हैवानों से तो गांव के वो सांप औऱ बिच्छू अच्छे थे..
जो तुझे-मुझे डराने में तो परफेक्ट पर डंक मारने में कच्चे थे..
मां यहां ऑफिस में बॉस की हरकतों से तिल-तिल मर रही हूं मैं..
हाय रे मेरी फूटी किस्मत...जमाने की आंखों में चुभने वाली धूल बन गयी हूं मैं..



पापा मुझे बहुत डर लगा रहा है..मुझे एक बार तुम गले लगा लो..
इन हैवानों के बीच से हमें अपने ही पास बुला लो.


रहीसुद्दीन 'रिहान'