Showing posts with label फीचर स्टोरी. Show all posts
Showing posts with label फीचर स्टोरी. Show all posts

Sunday, 13 October 2013

अल्लाह-भगवान से कम नहीं है ‘रावण’



 ऑफिस (न्यू देहली पोस्ट समाचार पत्र ) के लिए कवर की गई स्टोरी.

 देशभर में जहां विजयदशमी के त्यौहार को भगवान राम द्वारा लंका के राजा रावण पर विजय हासिल करने की ख़ुशी में मनाया जाता है, वहीं रावण आज भी देश के हजारों मजदूरों के घरों का चूल्हा जला रहा है. रावण हजारों परिवारों का न सिर्फ पेट भर रहा है बल्कि उनके बच्चों को अच्छी तालीम दिलाने में भी मदद कर रहा है. इन परिवारों में हिन्दू ही नहीं बल्कि काफी बड़ी संख्या में मुस्लिम परिवार भी शामिल है. रावण हिन्दू परिवारों के लिए भगवान राम तो मुस्लिम परिवारों के लिए अल्लाह से कम नहीं है.


Photo- Aarju Aalam
असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक दशहरा का आगमन बेहद करीब हैं, लिहाजा राजधानी दिल्ली समेत देश के हरेक कोने में रावण, मेघनाथ और कुम्भकरण के पुतले तैयार किये जा रहे हैं. कई जगह पर रावण, मेघनाथ और कुम्भकरण तीनों को तैयार किया जा रहा है तो कुछ जगह पर कारीगर रामलीला कमेटियों के बजट के अनुसार सिर्फ एक ही पुतला तैयार कर रहे हैं.


सुतली, कागज और बांस-बल्ली को अपने हाथ की कारीगरी से रावण की शक्ल देने वालों की तलाश में हम पहुंचे उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंदनगरी इलाके के करीब बने जनता फ्लैट के पार्क में.

Photo- Aarju Aalam

खाना खाने के बाद आराम करते पुतला कारीगर.

यहां हमारी मुलाकात हुई अनीस (42) से. जब हम पहुंचे तो अनीस अपने सहकर्मियों के साथ खाना खाने में व्यस्त थे. खाना खाने के बाद सभी कारीगर अपने-अपने काम में व्यस्त हो गए. किसी को रावण का फेस तैयार करने का जिम्मा मिला है तो कोई पुतले के बाकि दूसरे अंगों को बनाने में मशगूल है. दस लोगों का समूह मिलकर पिछले एक महीने से  दशहरा के लिए यहां पुतले तैयार कर रहा है. उन्हें यहां 40 फुट ऊंचा रावण और 35 फुट ऊचांई वाले मेघनाथ, कुम्भकरण तैयार करने हैं. सभी लोग राजधानी दिल्ली से लगभग 25 किलोमीटर दूर उत्तर-प्रदेश के ज़िला गाजियाबाद के गांव फारुख नगर के निवासी हैं.

पिछले 26 साल से खुद पुतले बना रहे अनीस हमें बताते हैं कि रावण के पुतले बनाना उनका पुश्तैनी काम है. बाप-दादा के समय से उनके घर में रावण, कुम्भकरण और मेघनाथ के पुतले बनते आए हैं.

दशहरा तो साल में एक ही बार आता है फिर बाकि समय क्या करते हैं आप सभी लोग..? पर अनीस कहते हैं ‘सभी लोग कुछ न कुछ काम करते ही हैं...कोई दूसरे शहर में कपड़ों की फेरी लगाता है तो कोई किसी फैक्ट्री में काम करता है.’ अनीस अपने बारे में बताते हुए आगे जोड़ते हैं ‘गांव में दर्जी की छोटी-सी दुकान है... तो मैं गांव में कपड़ों की सिलाई का काम करता हूं.’


Photo- Aarju Aalam

पुतले के चेहरे को अंतिम रुप देते अनीस.

एक पुतले की लागत और रामलीला कमेटी से मिलने वाली कीमत पर जब हम अनीस से बात करते हैं तो हमारी इस बात का जबाव देने से वह परहेज करते हैं. इतना ज़रुर कहते हैं कि ‘पता नहीं रामलीला कमेटी वालों ने आपको क्या रेट बताया है..और हमसें किस रेट में पुतले तैयार करवा रहे हैं.’ अनीस आगे जोड़ते हैं ‘हां.. पहले की तुलना में पुतलों की कीमत तो बढ़ी है लेकिन उनकी लागत भी उसी हिसाब से बढ़ी है.’ अनीस कहते हैं, जब दशहरा के दिन जनता पुतलों की तारीफ करती है तो हमें अपने काम को सराहनें की दिल से ख़ुशी होती है. अनीस के मुताबिक, ‘हर साल पुतलों में आग हम लोग ही लगाते हैं.’


पुतलों के चेहरे बनाने का जिम्मा संभाले साठ वर्षीय मौ. रफी अपने काम में व्यस्त हैं. रफी को पुतलों की सामाजिक छवि के हिसाब से चेहरा बनाने में महारत हासिल है. रावण के पुतले का चेहरा बेहद खूंखार तो कुम्भकरण, मेघनाथ के पुतले थोड़े कम खूंखार. हम उनके पास जाते हैं तो वह अपने हाथ को थोड़ा आराम देते हैं. रफी हमें बताते हैं कि ‘पिछले 35 साल से वह पुतलों का चेहरा बना रहे हैं. हर साल 14-15 पुतलों पर वह अपने हाथ की कलाकारी दिखाते हैं.’
Photo- Aarju Aalam

रावण का चेहरा बनाते कारीगर रफी.


रफी अपनी आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कारीगरों को मिलने वाली दिहाड़ी पर रोशनी डालते हैं. वह बताते हैं ‘मैं तो गांव में हज़ामत का काम करता हूं. यहां 350 से 400 रुपये के बीच एक कारीगर को पुतले बनाने के मिलते हैं बाकि कारीगरों को उनके काम के हिसाब से कम भी मिलते है.’


हमनें राजधानी के कई और इलाकों में पुतला कारीगरों की तलाश की. हम पहुंचे राजधानी दिल्ली के ही एक और दूसरे इलाके शाहदरा में. यहां भी मुकेश नगर के रामलीला मैदान में पुतले बनाने का काम तेजी से चल रहा था. बांस और सुतली से तैयार खड़े पुतलों के ढांचे को कागज की पोशाक पहनाई जा रही थी. कुछ कारीगर रंगीन कागज़ काट रहे थे.

 पुतले की पोशाक तैयार करता कारीगर अकरम.

उत्तर-प्रदेश के ज़िला खेकड़ा निवासी अकरम (22) हमें बताते हैं कि शादी-ब्याह के लिए आतिशबाजी और दशहरा पर पुतले तैयार करना उनका पुश्तैनी काम है. वह पिछले 10 साल से अपने पिताजी के साथ पुतले बना रहे हैं. 
  
एक पुतले पर कितना खर्च आता है? और कितने रुपये मिलते हैं आपको रामलीला कमेटी से..? पर अकरम कहते हैं ‘एक पुतले को बनाने में 3 कोड़ी बांस (60 बांस), 10 किलो सुतली, 30 किलो रद्दी, 30 किलो ग्लोसी पेपर और 20 किलो मैदा की लई लग जाती है’


अकरम इस सारे सामान का मार्किट रेट अपनी अंगुलियों पर जोड़ते हुए हमें एक पुतले की लागत 20 से 22 हजार के बीच बताते हैं. अकरम आगे जोड़ते हैं ‘75 से 80 हजार रुपये के बीच में हम रावण, मेघनाथ और कुम्भकरण, तीनों पुतलों को तैयार कर देते हैं.’

Photo- Aarju Aalam


रामलीला कमेटी से पुतले तैयार करने का आर्डर और उसकी पेमेंट मिलने के तरीके पर अकरम कहते हैं ‘जब हम लोगों को ऑर्डर दिया जाता हैं तो पेशगी के तौर पर 20 हजार रुपये दिये जाते हैं. उसके बाद 60 फीसदी काम तैयार होने पर 30 हजार और बाकि के 30 हजार पुतलों में आग लगाने से पहले हमें मिल जाते हैं.’ अकरम यहां 80 हजार रुपये में 3 पुतले तैयार कर रहे हैं. इसके अलावा उन्हें दो और इलाके कड़कड़डूमा और बिहारी कालोनी में पुतले तैयार करने का आर्डर मिला हैं.


अकरम के सहयोगी महेश (30) कहते हैं कि ‘आम तौर पर हम लोग गांव में ही कोई छोटा-मोटा काम करके अपना गुजर-बसर करते हैं लेकिन दशहरा के समय पर पुतले बनाने के लिए गांव से लोग दिल्ली आ जाते हैं’ महेश बाकि समय में कपड़ा रंगाई के एक कारखाने में लेबर का काम करते हैं. महेश आगे जोड़ेते हैं, ‘हर दशहरे पर हम लोग 3-4 जगह पुतले बनाते हैं. इस दौरान कारखाने के मुकाबले ठीक-ठाक पैसा मिल जाता हैं.’ महेश 3 साल से पुतला बनाने का काम कर रहे हैं.

पुतलों एवं एक बेटी और दो बेटों का जिक्र करते हुए महेश कहते हैं ‘पहले मेरे बच्चे स्कूल नहीं जाते थे लेकिन अब जा रहे हैं. जो पैसे पुतलों से कमाता हूं उन्हें बच्चों की पढ़ाई के लिए पत्नी संभाल कर रख देती है. जब कारखानें में काम नहीं मिलता तो इसी पैसे से ही घर और बच्चों के स्कूल का खर्चा चलता है.’ महेश थोड़ा मुस्कुराते हुए कहते हैं ‘मैं तो कहूंगा कि रावण ही मेरे बच्चों को पढ़ा रहा है.’

रहीसुद्दीन ‘रिहान’